एनीमिया अर्थात खून की कमी से बचाव के उपायों की जानकारी देने के लिये प्रदेश में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से लालिमा योजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है। योजना आरंभ होने के एक वर्ष होने पर पूरे प्रदेश जन—जागरुकता हेतु लालिमा दिवस मनाया जायेगा। जिला स्तर पर लालिमा जागरूकता शिविर,'पोषण से ही स्वास्थ्य' विषय पर परामर्श सत्र, प्रश्न मंच, लालिमा थाली प्रतियोगिता का आयोजन होगा। एनीमिया, पोषण विविधता पर प्रदर्शनी लागाई जावेगी। परियोजना स्तर पर स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन किया जावेगा, और इन शिविरों में महिलाओं-किशोरी बालिकाओं के हिमोग्लोबिन और बी.एम.आई. की जांच की जाकर आयु अनुसार निर्धारित हिमोग्लोबिन और उचित बी.एम.आई. के आधार पर स्वस्थ किषोरी/स्वस्थ गर्भवती/स्वस्थ धात्री माता को पुरूस्कार दिया जावेगा।
इसके साथ ही लालिमा दिवस पर राज्य स्तर से सभी संभागों के लिये लालिमा रथ रवाना किये जाएंगे जो एनीमिया बाहुल ग्रामों में दस दिन तक भ्रमण कर एनीमिया से बचाव की जानकारी देंगे। ये प्रचार रथ ऑडियो-वीडियो तथा एलईडी के माध्यम से जानकारी देंगे। चार दिसम्बर को प्रात: 11 से 12 बजे तक आकाशवाणी के सभी केन्द्रों पर फोन-इन कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इसमें विषय-विशेषज्ञ एनीमिया के बचाव के उपायों की जानकारी देंगे।